व्यंग्य — झूठ का शोर
आँखों में आँखें डाल झूठ उछालते हैं लोग,
सच उनके सामने आकर भी हो जाता है मौन।
झूठ बोलने में तुरंत मोर्चा संभाल लेते हैं,
सच के दो प्रश्नों पर ही हथियार डाल देते हैं।
सच से उनका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं,
लेकिन ज्ञान बाँटने में उनसे बड़ा ज्ञाता नहीं।
मीठे बोलों में छल का ज़हर घोल जाते हैं,
हाथ मिलाकर पीठ में खंजर छोड़ जाते हैं।
ऐसे लोग जब ऊँचा-ऊँचा बोलते हैं,
अपने ही झूठ के परदे खुद खोलते हैं।
जितना बड़ा झूठ, उतना ऊँचा उनका स्वर,
मानो शोर से जीत लेंगे हर एक समर।
खाली घड़े की गूँज बहुत दूर तक जाती है,
अक्ल जहाँ कम होती, आवाज़ वहीं बढ़ जाती है।
हर दर्पण को झूठा और खुद को सही बताते हैं,
अपनी हर नाकामी पर पर्दे डाल जाते हैं।
फरेब को अनुभव, छल को हुनर बताते हैं,
ईमानदार लोगों को ही मूर्ख बताते हैं।
सच कहने वालों को उपदेश सुनाते हैं,
झूठ की राहों पर ताली भी बजवाते हैं।
अपनी ही तारीफ़ के पुल रोज़ बनवाते हैं,
चार चमचों से खुद को महापुरुष कहलवाते हैं।
चेहरे पर सादगी, भीतर पूरा बाज़ार रखते हैं,
होठों पर राम-राम, मन में व्यापार रखते हैं।
मंच मिले तो खुद को युगपुरुष बतलाते हैं,
काम पूछो तो विषय बदलकर मुस्कुराते हैं।
झूठ की खेती रोज़ नई खाद से सींचते हैं,
सत्य की हर फसल को अफ़वाहों से खींचते हैं।
समय बड़ा कलाकार है, अभिनय पहचान लेता है,
मुखौटों के भीतर का चेहरा भी जान लेता है।
वक्त की अदालत रिश्वत कभी नहीं खाती,
झूठ की हर गवाही आखिर झूठी पड़ जाती।
सच की चाल भले ही थोड़ी धीमी होती है,
लेकिन उसकी मंज़िल सबसे ऊँची होती है।
झूठ का शोर पल-दो पल का तमाशा होता है,
सत्य का सूरज उगते ही अँधियारा खोता है।
याद रखो, आवाज़ ऊँची होने से सत्य नहीं बदलता,
झूठ लाख सज जाए, अंत में चेहरा ही बदलता।
सत्य की ज्योति बुझी नहीं करती आँधियों के वार से,
झूठ स्वयं ही हार जाता है अपने ही व्यवहार से।
— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित 'भुवन'
