धधकती मशाल — गीत

डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित ‘भुवन’

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं।

सोई चेतना को झकझोरने चला हूँ मैं,

नवयुग की ज्वाला जलाने चला हूँ मैं॥

न आँधी से डरूँगा, न तूफ़ाँ से हारूँ,

चट्टानों से टकराकर राहें सँवारूँ।

जो रोकेंगे पथ, उनको ललकारूँ,

विजय का परचम उठाने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥

साँसों में भारत, रगों में अग्नि,

माटी का ऋण ही मेरी है शक्ति।

लहू की हर बूँद वतन के लिए,

जीवन का दीपक जलाने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥

जीवन मिला है तो केवल जिएँ क्यों,

स्वार्थों की दीवार में ही घिरे क्यों?

जो सत्य के लिए स्वयं जल सके,

वही जीवन का अर्थ पाने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥

अँधेरा मिटाना हो, पहले स्वयं जल,

यही जिंदगी का सनातन है संबल।

बदलना है जग तो बदल खुद को पहले,

यही सत्य जन-जन को बताने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥

जहाँ अन्याय होगा, वहीं बोलूँगा,

जहाँ झूठ होगा, वहीं खोलूँगा।

न सत्ता से डरना, न झुकना कभी,

सत्य की हुंकार मचाने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥

न शोहरत की चाहत, न सत्ता का मोह,

वतन से बड़ा मेरे जीवन में कौन?

माँ भारती की पुकार पर आज,

सर्वस्व अपना चढ़ाने चला हूँ मैं॥

धधकती मशाल लेकर निकला हूँ मैं,

अँधेरों के किले ढहाने चला हूँ मैं॥