चलो फिर मुस्कुराए
सजा के होठों पे नेह सारा,
बहे मन भीतर आनंद धारा।
मिटा के सारे भेद-भाव को,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
जगा के मन में नई उमंगें,
खिलें जीवन में प्रेम तरंगें।
नयनों में फिर नूर सजाएँ,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
मिटा के चेहरे की हर शिकन,
महक उठेगा सारा चमन।
सजाएँ साँसों में राग नया,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
गिरेगी ग़म की ऊँची दीवार,
हँसी करेगी दुखों पर वार।
भगेगा फिर हर एक अँधेरा,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
संकट चाहे जितना आए,
मन का दीप न कभी बुझाए।
हँसी बनेगी वज्र हमारा,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
डरेंगी अब ये मुश्किल राहें,
झुक जाएँगी सारी बाधाएँ।
धरा पे खुशियों का स्वर्ग लाएँ,
चलो फिर मुस्कुराएँ।
— डॉ. भुवनेश्वर प्रसाद दीक्षित ‘भुवन’
