काले बादल नभ चढ़े, रिमझिम बरसे नीर।
कोयल मीठी कूकती, पपिया हुआ अधीर।
पावस ऋतु मनमोहनी, गगन घटा घनघोर।
माटी सौंधी महकती, पवन मचाता शोर।
बादल यौवन से भरे, आजमाते नित जोर।
दादुर गाते गीत यूं,नदियां करती शोर।
बूंदों की सरगम छिड़ी, सावन में झकझोर।
धरा चूमने चल पड़े, इंद्र धनुष के पोर।
मेघ मल्लिका रूपसी, सजती सौ-सौ बार।
बादल तेरे प्यार में, धरा करें श्रृंगार।
मीठी मुरली श्याम की, राधा की चित चोर।
ग्वाल बाल संग माधव, नाच रहे वन मोर।
शाख शाख कोंपल हरी, पात पात पर फूल।
बागों में झूले पड़े, मिटे हृदय के शूल।

