महफूज़ जगह है यहां

रखीं सब धूप–छांव सी बातें

ढलते दिन–सा सूनापन ओढ़े

कटती हैं सर्द हवा की रातें

पीले पन्नों पर उभरे अक्षर–सा

लगता है ये मन

गुजरती रेलगाड़ियों सी बजती है

सांसों की अब धुन

सांप सी नदियां

रोज यहां से धूप सेंकने चलतीं

मिट्टी के धागे से

दिनभर पैबंद लगाती धरती

हवा का रुख इधर का हो,

पकड़कर लौट आना तुम।

हथेली फूल सी लेकर,

बहारें छोड़ आना तुम।