ललाट पर अब
'दो रेखाएं' उभर आई हैं,
आंखों की पहाड़ियों तक।
और तुम हो कि– उनके बीच गिरी हो।
आंख में क्यों नहीं गिरी तुम !
खैर, तरल हो?
ये हथेली है यहां रह सकती हो।
बारीक-सी बूंद भी चाहे
पागल को काबू कर सकती है,
उसके संग सुबक सकती है।
युवा बारिश,
पहले खाद बुनती है,
फिर अंडे देती है।
कितने कुकुरमुत्ते,
इक बूंद की आस में;
टखनों से टूट जाते हैं।
तुम उदासी के दिनों की
थपकी हो, आ टपकी हो।
खैर, तरल हो तुम!
मेरे होठ चूम सकती हो।
