किसी को जिस्म पर चिथडा़ नहीं मयस्सर,
किसी की जूतियां यहां सोने मढ़ी है।
किसी ने उम्र भर देखा नहीं पीतल कभी भी,
किसी के पीकदानों पर यहां चांदी चढ़ी है।
किसी के थाल में पकवान सौ सौ सज रहे,
किसी के हाथ बासी रोटीयां रुखी पड़ी है।
किसी ने पा के जाना व्यर्थ है पाया है जो भी,
किसी की प्यास पा कर और ज़्यादा ही बढ़ी है।
मनुज ने नियति को अपनी कभी माना कहां है,
सदा साहस से अपने भाग्य की रेखा गढ़ी है।
✍️ दशरथ रांकावत 'शक्ति'
