रोज सवेरा होता है

और चल पड़ते हैं अपने काम पर

 कागजों व फाइलों के लोक में

जहां कागज के पेट

कागजों से भरे जाते हैं।



ये कागज कभी बारुद बन जाता है

कभी ग्वाह

कभी रहस्य उजागर करता है


इंसान बदल जाते हैं

पर कागज झूठ नहीं बोलता।


शब्दों के बीच पड़ा आदमी

जिस तरह कोरे कागज पर

जब हाशिया खींचा जाता है

तो कई मुल्क बन जाते हैं

कई लोक बन जाते हैं




यह हाशिया किसी को अमीर किसी को गरीब बनाता है

यह हाशिया कागज को केंद्र बिंदु देता है

पर वो तस्वीर में नहीं होता

हाशिये पर पड़ा आदमी.........