बात बहुत पुरानी नहीं है, पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक गाँव है - शहरोज। गाँव रसूखदार था पर हिंदुस्तान के सभी गाँवों की तरह मानवीय व्यवस्थाओं व सरोकारों के सभी रूप -प्रतिरूप इस गाँव में भी मौजूद थे। दिव्य शहरोज गाँव का ही रहने वाला था। जैसा कि दुनिया का रिवाज है, हाईस्कूल इण्टर के बाद उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद व लखनऊ चला आया ।दोस्त-मित्रों, बन्धु-बान्धवों के साथ वर्षों संघर्षरत रहने के बाद सरकारी नौकर हो गया। होली पहले भी अच्छी ही मन जाती थी क्योंकि दिव्य ठीक-ठाक परिवार से था। पर पैसे में इतनी ताकत होती है कि अपना धन होने के बाद वाली होली कुछ ज्यादा ही अपनी सी लगने लगी थी।

पढ़ते, कहते तो सब लोग हैं कि त्योहार अमीर-गरीब सबके हैं पर हकीकत तो कुछ और ही है। यह होली भी दोस्तों और मेहमानों की तरह आदमी का रसूख और पैसा देखकर अलग-अलग रूप में आती है। पैसे वाले साहेब के लिए होली मौका होता है- हैसियत के प्रदर्शन का। गाँव का गाँव उनके दुआर पर जमावड़ा लगाए रहता है। उन‌के बच्चों के आगे-पीछे भी चार-छः बच्चे सहयोगी की भूमिका

में घूमते रहते हैं। साहेब के यहां होली भी पूरे साज श्रृंगार के साथ आती है, एक दम किसी नवयौवना की भरी-पुरी सुसज्जित पावन सुरम्य काया सी।

गांव को छोड़ आया था दिव्य, कमाने-धमाने के चक्कर में, पर गांव के वैभिन्नता लिए समान्तर गामी दृश्यों का अनुभव खूब था। सजी-संवरी नवयौवना व मादक होली के साथ उसी गाँव की गलियों में और घरों में उजड़ी, उखड़ी, जर्जर बुढ़िया सी होली भी आती है। जो मिठाई नहीं लाती, बढ़िया ठण्डई नहीं लाती, नए रंग बिरंगे कपड़े नहीं लाती, रंग न गुलाल।मुई ऐसी होली जो न खुद सजती है, गाती है, नाचती है न किसी और को सजने संवरने खेलने खाने देती है।

बुढ़िया सी होली जिनके घर आती है वो आंखें तो अपनी बुढ़िया होली को जवान बनाने के लिए साहेब, साहेब के बच्चों, साहेब के घर-दुआर, यहाँ तक की साहेब के लग्गू-भग्गुओं तक की ओर आशा भरी निगाह से देखा करती हैं। पर ये बुढ़िया होली इतनी हत्यारन है कि जवान होने का नाम ही नहीं लेती और नहीं तो हर साल ही आ जाती है।

दिव्य गांव रहा, बाहर रहा, बहुत से रंग जीवन के देखे । पर सच्चाई यही समझ में आई कि अपवादों को छोड़ दें तो होली-दिवाली त्यौहार सब धन की दासी हैं। मन की खुशी से चाहे जितना खुश हो लो पर हालात अपनी पर आ जाएँ तो सब काफूर कर देते हैं। बच्चा कुछ मांग दे और माँ-बाप दे न पाएँ तो माँ-बाप की भूमिका में इससे अधिक कष्ट का विषय शायद ही कोई और हो।

दिव्य को लगता है कि होली तो तभी मनेगी सबकी वाली जब सब सबके लिए होली मनायेंगे। तेरी होली, मेरी होली, ऐसी होली वैसी

होली, छोड़ो इसकी होड़...

सबकी होली एक की होली, एक की होली सबकी होली जोड़ो ऐसी मन की डोर ..

डाॅ. ज्ञान प्रकाश 'गुमनाम'

बी-79ए

शिवानी विहार, कल्याणपुर

लखनऊ -226022

मो.9532938528