दिल का जो धड़कन से रिश्ता

शब्दों से मेरा वो रिश्ता

भावनाओं की गहराई में डूब कर

लाती हूँ मोती चुन चुन कर।


आशाओं की चादर बुनकर

कागज़ पर रखती उकेर कर…

शब्द बोल पड़ते हैं खुद

अपनों सा रिश्ता बनाते।


मन में अंतस में उतर कर

गले लगा कर लाड़ जताते

कभी लबों पे गीत बन

अहसासों के रंग सजाते।


रस में डूब के लेते हिलोरे

उछल कूद ज़ेहन में मचाते

रूठ जायें तो मन के आंगन

तांडव कर के शोर मचाते।


कभी धूप से निखरे निखरे

खुशी के दीपक जलाते

कभी दर्द बयाँ कर के

मायूसी का पैरहन ओढ़ सताते।


कभी इश्क़ के रंग में बहते

राज़-ए-उल्फ़त सरे-ए-आम जताते

प्रेम कहानी पन्नो पर लिख कर

कभी ग़ज़ल बन लब पर सज जाते।


कभी बचपन की गलियों में घूमते

बढ़ती उम्र कोसों दूर भगाते!

शब्द मेरे, भाव मेरे, गीत मेरे

मेरे संग संग जीते जाते..!!!

मेरे संग संग जीते जाते ..!!!


डॉ अपर्णा प्रधान