रंगों का सफर
ख़्वाहिशों ने पलकों पर डेरा डाला
एक दिन… चुपके से दिल में जा कर…
सोए अरमानों को झिंझोड़ कर…
गहरी नींद से जगा डाला!
हाथ में ब्रश… रंगों का थाल थमा कर…
एक ख़ूबसूरत मक़सद दे डाला
रंगों की दुनिया का सफ़र…
तय करने का जोश मन में भर डाला!
सपनों को कैनवस पर उतार कर …
चित्र निखारना शुरू कर डाला!
रंग बिरंगे प्यारे प्यारे चित्र…
काग़ज़ और कैनवस पर उभरने लगे !
कान्हा बांसुरी बजा कर, राधा को मनाने लगे
गोपियों के संग रास रचा कर,
छेड़छाड़ करने लगे!
कैन्वस पर शिव तांडव करने लगे
माँ दुर्गा के आशीर्वाद बरसने लगे!
कभी मंदिर की घंटियों…
के सुर काग़ज़ पर बजने लगे!
कभी अर्चना के फूल सजने लगे…
तो कभी दुआ में हाथ उठने लगे!
कागज पर सूरज खिलने लगे
भोर की लालिमा से निखरने लगे
रात की घनी ज़ुल्फ़ों में …
अनमोल सितारे चमकने लगे!
काले बादल पन्नों पर …
छम-छम बरसने लगे !
कैनवस पर घोड़े दौड़ने लगे
पंछी आसमान में उड़ने लगे
हाथी मस्त चाल चलने लगे
कभी दो प्रेमी समुंदर किनारे…
सुरमई शाम में सिंदूरी होने लगे!
रंगो से सजे कैनवस और कागज…
मन प्रफुल्लित करने लगे !
धीरे धीरे मेरे सपने साकार होने लगे
मेरी ख़ुशियों में चार चाँद लगने लगे


