क्या लिखूं तुम पर कान्हा
शब्दों में न कान्हा तुम्हें बांध सकूँ
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं
तुम हो अपरिमित अपरिभाषित अप्रतिबंधित
कान्हा तुम पर मैं क्या लिखूं
विष्णु का अवतार लिखूं या धरती का मानव लिखूं
कंस का काल लिखूं या मुक्ति का द्वार लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
जगत का विस्तार लिखूं या विश्व का स्वामी लिखूं
चेतना का चिंतन लिखूं या आत्मा का मंथन लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
गोपियों का प्रिय लिखूं या राधा का प्रीतम लिखूं
मीरा का प्रेम रत्न लिखूं या रुक्मणी का पति लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
नारी का सम्मान लिखूं या नारी का कल्याण लिखूं
द्रौपदी का रक्षक लिखूं या अर्जुन का सारथी लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
देवकी का सुपुत्र लिखूं या यशोदा का लाल लिखूं
गाय का ग्वाला लिखूं या ग्वालों का सखा लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
ज्ञान का महासागर लिखूं या सम्पूर्ण कला में दक्ष लिखूं
गुणों की खान लिखूं या उपदेशक महान लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
नदी का निर्झर प्रवाह लिखूं या सागर सा गहरा लिखूं
प्रेम का सागर लिखूं या प्रीत की गागर लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
आदि लिखूं तुझ को या तुझ को अंत लिखूं
ॐ की ओंकार लिखूं या गीता का सार लिखूं
आख़िर तुम पर मैं क्या लिखूं कान्हा
डा॰ अपर्णा प्रधान
मेरे शब्द मेरी पहचान
स्वरचित, सर्वाधिकार सुरक्षित ©

