एक दिन,फिर एक दिन,
गिन-गिन चले हर एक दिन।
कभी हँसते हुए,कभी रोते हुए,
कब गुजरे वे नेक दिन।

कभी उलटता-पलटता था,
गुदड़ी का लाल,
दादी माँ के हाथ से बने बिछावन पर।
शर्म तब,
न बिस्तर गीला होने की थी।
न सोने की न रोने की थी।
एक दिन,फिर एक दिन,
गिन-गिन चले हर एक दिन।
कभी हँसते हुए,कभी रोते हुए,
कब गुजरे वे नेक दिन।

फिर चौपाया बनकर,
चलने की सनक।
वो करधनी पर बँधी काली डोर,
पैरों पर बँधी घुंघरू की खनक।
भाई-बहन का असीम प्यार,
माँ की लोरियों की मधुर बयार।
आती रही,जाती रही,
हर पल-हर छिन।
एक दिन,फिर एक दिन,
गिन-गिन चले हर एक दिन।
कभी हँसते हुए,कभी रोते हुए,
कब गुजरे वे नेक दिन।

कहते हैं लोग सब,
मैं भी खूब गिरा!
चौपाया से दोपाया बनने में।
तब भी वक्त कम लगता था,
उठकर गिरने में।
वक्त अधिक लगता था,
गिरकर उठने में।
देखो आज भी वही हाल!
उठकर गिरना उतना ही आसान है,
गिरकर उठना उतना ही कठिन।
एक दिन,फिर एक दिन,
गिन-गिन चले हर एक दिन।
कभी हँसते हुए,कभी रोते हुए,
कब गुजरे वे नेक दिन।

फिर रोने-हंसने से
एक कदम आगे बढ़ा।
आ गयी मुँह में तुतलाती जुबान,
न जाने कहाँ गए वे प्रियजन,
जिसने मुझे समझा और मुझे पढ़ा।
सीखा आड़ी-तिरछी रेखाओं को,
खोजा शब्दों में अर्थ।
चलता रहा सीधी राह,
हुआ बड़ा अनर्थ।
यूँ ही छलते रहे लोग मुझे,
बनकर नाजुक,कमसिन।
एक दिन,फिर एक दिन,
गिन-गिन चले हर एक दिन।
कभी हँसते हुए,कभी रोते हुए,
कब गुजरे वे नेक दिन।

             भूपेन्द्र डोंगरियाल