सच कहूँ तो न हम तुम्हारे हैं,
न तुम हमारे हो ।
सब कहते जरूरत को देखकर,
दुनिया में तुम मेरे प्यारे हो ।
तुम्हारी तरह मैं भी,
वर्षों से चकित हूँ ।
जिन रस्तों से तुम चले,
मैं भी उनका पथिक हूँ ।
फिर भी न मैं तुम्हें जानता,
न तुम मुझे पहचानते हो ।
जरूरतों के हिसाब से,
अपना हमें मानते हो ।
कल जब मैं थक गया,
तुम सरपट आगे बढ़े ।
सोचते हो हर मुसीबत में,
हम रहें संग खड़े ।
अंधेरी रात अकेली कटी,
तुम दिन के सितारे हो ।
सब कहते जरूरत को देखकर,
दुनिया में तुम मेरे प्यारे हो ।
ये सड़क से सत्ता का,
सफ़र बड़ा कठिन है ।
सफ़ेदपोश कहता है,
ग़रीब कितना मलिन है ।
जिन्दगी में धूप-छाँव,
देखी नहीं जाती है ।
हक़ीकत में वक्त ही,
सोई किस्मत जगाती है ।
आसमान में सूरज को,
बादल ही नहीं ढकता है ।
कोहरा घना कभी,
धरती पर भी लगता है।
जब दौलत से हुए अमीर तो,
क्यों ज़मीर से बेचारे हो।
सब कहते जरूरत को देखकर,
दुनिया में तुम मेरे प्यारे हो।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
24/12/2019
