शमा को देखकर जग में,
जो जलते हैं वो परवाने।
तमन्ना क्या किसी की है,
ये वो जाने या दिल जाने।
छुपा के दिल में क्या रखना,
पढ़ो तो मन के भावों को।
ये मोती हैं या कौड़ी हैं,
कुरेदो अब न घावों को।
अजी जो रूठकर जाते,
मनाकर भी नहीं माने।
तमन्ना क्या किसी की है,
ये वो जाने या दिल जाने।
जो रूठे हैं वो टूटे हैं,
जो झुकते हैं वो फलते हैं।
अँधेरा हो घना कितना,
दिए तो फिर भी जलते हैं।
जो भावों को न पढ़ पाएँ,
सुने क्यों दर्द के गाने।
तमन्ना क्या किसी की है,
ये वो जाने या दिल जाने।
दीवानों को भी पागल ही,
कहा है हर जमाने ने।
लगी ठोकर जमाने की,
न उफ़ ही की दीवाने ने।
कलम भी है ये दीवानी,
लिखे हैं जिसने अफ़साने।
तमन्ना क्या किसी की है,
ये वो जाने या दिल जाने।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
15/05/18
