शहर की सड़क है,
या इन्सान का क़त्लघर।
जहाँ कहीं भी कभी भी,
इन्सान-इन्सान का क़त्ल कर सकता है।
मौत की भूख में लपकते,
असंख्य वाहन।
चल पड़ते हैं तलाश में।
शहर की सड़क है,
या आखेट स्थल।
यहाँ कहीं भी कभी भी,
इन्सान-इन्सान का आखेट कर सकता है।
बेचारा चित्रगुप्त परेशान है।
सम्मन किसी के नाम का,
और गिरफ़्तारी किसी और की।
आख़िर उसकी भी तो जीविका का प्रश्न है।
शहर की सड़क है या मौत का पर्याय,
यहाँ कहीं भी कभी भी,
इन्सान-इन्सान के बदले गिरफ़्तार हो सकता है।
कफ़न कभी शव का,
वसन होता था।
लेकिन अब ज़बरन,
किसी को भी पहना दिया जाता है।
शहर की सड़क है,
या शमशान का दूसरा नाम,
जहाँ कहीं भी कभी भी,
इन्सान-इन्सान को कफ़न पहना देता है।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
