जब भी देखता हूँ,
इंसानों की वो फितरतें।
सहम सा जाता हूँ।
न दिल से कुछ कह पाता हूँ,
न चुप ही रह पाता हूँ।
इस अदनी सी ज़ुबान को,
समझाता है नादान दिल।
कि शक़्ल से भोला,
और जुबाँ से मीठा बन।
तभी सब समझेंगे,तुझे काबिल।
पर वो अंदर बैठा शख़्स,
जिसे लोग आत्मा कहते हैं।
हर बार,बार-बार,
दिल पर हावी हो जाता है।
और कहता है-
बनावट के फूल भी,
महक सकते हैं एक बार।
पर बनावटी भोला,
और दिखावटी मीठा।
छलता ही रहता है,
इंसान को बार-बार,हर बार।
हर रस्ते हर डगर पर,
मिलता हूँ हर रोज उनसे।
जो दिखने में अपने,
पर दिल से पराये होते हैं।
वहीं वह उम्मीद भी,
खड़ी नजर आती है।
जो रिश्तों में पराये से,
हकीकत में अपने बन जाते हैं।
उन्हें भी अपना कहने से,
इसलिए डरता हूँ।
कि अपने जब पराये बनते हैं,
तो सहम सा जाता हूँ।
न दिल से कुछ कह पाता हूँ,
न चुप ही रह पाता हूँ।
भूपेन्द्र डोंगरियाल