सच का कडुवा सलाद,
झूठों को भी पसन्द है।
यह कडुवा जरूर है,
इसकी तासीर फायदेमंद है।

झूठ के बाबर्चीयों ने,
सुबह-सुबह सजायी थाल,
सच के छिलके उतारकर,
झूठे हुए हैं मालामाल।

सच का टुकड़ा सजता गया,
झूठों की सेहत बचाने को।
धन की ख़ुराक बंटती गई,
सच का सलाद पचाने को।

झूठ की दमड़ी बचाने में,
सच की चमड़ी उतर गई।
भ्रष्टाचार की दीमक आज,
विकास का घर कुतर गई।

झूठ को जितनी मिली छूट,
लूट की सीमा बढ़ती गयी।
सिमटता गया सच रसातल में,
झूठ एवरेस्ट चढ़ती गयी।

झूठ के सूरज के आगे,
सच का दीपक आज मन्द है।
बढ़ते हुए झूठ की भूख से,
सच सिर्फ फिक्रमंद है।

भूपेन्द्र डोंगरियाल