नर हूँ तो निराश भी होता हूँ,
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
ये क्या बात है कि नर हो न निराश हो,
तो क्या तुम भगवान से भी खास हो।
जिन्दगी की जंग में जीत-हार होती है,
हार में नयी सबक बार-बार होती है।
जीत से खुश हार से उदास भी होता हूँ,
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
मैं न पत्थर हूँ न भगवान हूँ,
हूँ माटी का पुतला दिखता इन्सान हूँ।
हताश,उदास होना इन्सानी प्रवृति है,
निराश न होना पत्थरों की प्रकृति है।
अनन्त इच्छाओं का मैं दास भी होता हूँ,
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
मन कभी निराश हो तो रोना नहीं,
कोई उम्मीद जगे उसे खोना नहीं।
रसों में अंतर्निहित भाव में खास हूँ,
आख़िर कौन चाहता है मैं ही निराश हूँ।
मन में उपजे भावों के लिबास भी धोता हूँ,
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
यहाँ कोई देख रहा कोई फेंख रहा,
अब दुनिया में न कोई नेक रहा।
जिसको भी जाना पहचाना है,
उसे निज स्वार्थवश अपना माना है।
क्षणिक दुःख से परिहास भी खोता हूँ
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
नर हूँ तो निराश भी होता हूँ,
कभी दूर कभी पास भी होता हूँ।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
