पढ़ती है जीवन को कहती,
दूर सुहाने ढोल हैं।
जीवन की नन्हीं कविता के,
नन्हें-नन्हें बोल हैं।
चलना भी अभी सीख न पाई,
जीवन में ठोकर खाई।
भार उठाया जीवन भर का,
आज हैं आँखें पथराई।
जिधर से देखा जीवन पथ को,
उधर अनोखे झोल हैं।
जीवन की नन्हीं कविता के,
नन्हें-नन्हें बोल हैं।
जीवन के रंग-ढंग न देखे,
लोग कहें नवयौवन है।
देखा झूठा प्रेम जगत का,
बनी वो मीरा जोगन है।
जीवन की इस करुण-कथा में,
हर आख़र अनमोल हैं।
जीवन की नन्हीं कविता के,
नन्हें-नन्हें बोल हैं।
हुई सुबह से संध्या देखो,
थका पथिक बेचैन हुआ।
रश्मिरथी संग इस जीवन का,
खेल रहा दिन रैन जुआ।
जिससे पूछूँ यही बताए,
ये आँसूँ बेमोल हैं
जीवन की नन्हीं कविता के,
नन्हें-नन्हें बोल हैं।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
04/09/2018
