मुकद्दर से आगे,बबंडर चलेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
तू खुशियों की चाहत में परेशान होगा,
ये इन्सान कुछ दिन का मेहमान होगा।।
जो दौलत के ख़ातिर कलन्दर बनेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
ये लड़ना लड़ाना सिखाया है जिसने,
जहन्नुम का रस्ता दिखाया है उसने।।
ये है भूल उसकी सिकन्दर बनेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
धरा का धरा ज्ञान-विज्ञान होगा,
तेरी ज़िद से तेरा ही अवसान होगा।
है अफ़सोस कैसे विशम्भर बनेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
हमने संघर्ष करके ये प्रदेश पाया,
पुरखों की धरोहर को अवशेष पाया।
जब घर-घर में नेता सिकन्दर बनेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
अभागे क्या तूने ये माटी न चूमी,
तू मत बेच अपनी जननी मातृ भूमि।
बचा ले इसे क्या दिगम्बर बनेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
मुकद्दर से आगे,बबंडर चलेगा।
न धरती बचेगी न अम्बर बचेगा।।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
