"मुल्क की परवाह मत कर"
मुल्क की परवाह मत कर,
वो तो सम्भल ही जायेगा।
अरे लड़खड़ाना छोड़ दे तू,
आगे वतन बढ़ जाएगा।।
स्वच्छ्ता की कसम मत खा,
खुद की गन्दगी को साफ़ कर।
तू करेगा मैं भी करूँगा,
ख़ुद का हिस्सा नाप कर।
हर पेड़ से ये प्रश्न मत कर,
क्या फल कभी दे पाएगा?
तूने पेड़ जो ख़जूर बोया,
छाँव फिर क्यों पाएगा।
मुल्क की परवाह मत कर,
वो तो सम्भल ही जायेगा।
अरे लड़खड़ाना छोड़ दे तू,
आगे वतन बढ़ जाएगा।।
उजड़े चमन के वास्ते तू,
उड़ती तितलियों को मत पकड़।
जब फूल होंगे तेरी बगिया,
खुद जाती रहेगी उनकी अकड़।
भौरों को फुसला कर तू मत ला,
अपने कागज़ के फूलों के लिए।
तू गुलज़ार कर अपना गुलिश्ता,
भौंरे खुद उड़ें मकरन्द लिए।
है मीठे मधु की चाह तुझको,
बबूल वृक्ष क्या कर पाएगा।
लगा नीम,महुआ,आम्र,वट तू,
फिर छाँव मधु संग पाएगा।
मुल्क की परवाह मत कर,
वो तो सम्भल ही जायेगा।
अरे लड़खड़ाना छोड़ दे तू,
आगे वतन बढ़ जाएगा।।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
29/10/2017
