अब दीवारों के कान हो गए,
घर सब ये सुनसान हो गए।
सूनी डगर है मन्जिल मुश्किल,
मीत-सखा अंजान हो गए।

स्वप्न बने सावन के झूले,
अब साथी हाथ बढ़ाना भूले।
अनजाना सा है डर ये सबको,
मीत न कोई नभ को छू ले।

खुशियों के दिन साथ सभी थे,
अब क्यों अंतर्ध्यान हो गए।
सूनी डगर है मन्जिल मुश्किल,
मीत-सखा अंजान हो गए।

ये चेहरे सुर्ख गुलाबी लगते,
नयना प्यासे भाग न जगते।
तकलीफ़ उन्हें क्यों खुश है दुनिया,
इसी सोच में दिन भर थकते।

मन्दिर,-मस्जिद के झगड़े में
जब अपने ही कुर्बान हो गए।
सूनी डगर है मन्जिल मुश्किल,
मीत-सखा अंजान हो गए।

भूपेन्द्र डोंगरियाल