जब मेरी दुनिया में मेरा कोई न था,
माँ मेरी दुनिया की सब कुछ थी।
मैं नहीं जानता वह कितनी सुंदर थी,
पर इतनी खबर है कि वह सबसे सुंदर थी।
उसकी वह मधुर लोरी,
जब आज भी गुनगुनाता हूँ,
दिन भर की थकान भरी जिंदगी,
न जाने कब नींद में बदल जाती है।
अब हर माँ को देखकर,
मुझे मेरी माँ बहुत याद आती है।

इतनी याद कि उसे याद करके,
मैं खुद को भूल जाता हूँ।
उसका निश्छल प्रेम याद आता है,
तो ख़ुशी में फूल जाता हूँ।
अब उसकी तस्वीर मेरे घर की,
दीवार पर नहीं टंगती है।
क्योंकि वह तो मेरे दिल में,
जन्म से ही बसती है।
उसको मैं देवी कहकर नहीं पूजता हूँ,
वह तो मेरे लिए देवी से बढ़कर है।
वह सरस्वती बनकर मुझे सिखाती रही,
लक्ष्मी बनकर मुझे पालती रही,
दुर्गा बनकर मुझे बचाती रही।
उसको मैं जब याद करता हूँ,
वह हर पल मुझे याद आती है।
जब भी कोई माँ ममत्व संग दिखती है,
मुझे मेरी माँ बहुत याद आती है।

            भूपेन्द्र डोंगरियाल