गर्मागरम चर्चा है,
संशय ज्यों का त्यों है।
हर कोई पूछता है,
तुम्हारा नेता ऐसा क्यों है?

बस जीतने का जतन है,
नैतिकता का पतन है।
सत्ता के लिए तोड़ते संकल्प,
बदलते अपने कथन है।

अब उम्मीद के चरागों से,
सलाह लेना भी पाप है।
हैं जीत में उन्मत नेता,
ये सबसे बड़ा अभिशाप है।

राजनीति की थाली में,
सजते हैं छप्पन भोग।
क्यों सत्ता की भूख में,
नियत बदलते हैं लोग।

समझदारों को समझाने,
यहाँ मैं भी चला था।
आज यहाँ लगता बुरा हूँ,
मैं कल तक भला था।

भूपेन्द्र डोंगरियाल