शब्द पढ़, अर्थ समझ,
दर्द को दर्द समझ।
ये व्यंग से भरपूर है,
तेरी समझ से दूर है।
वक्त और अक्ल के मिलन में,
अब भी कुछ देरी है।
जो वक्त पर लिखी मैंने,
यह कविता न मेरी न तेरी है।
कविता में दिखती व्यथा,
समीक्षाओं से मत सता।
पत्थर भी पसीजते हैं,
सुन प्रेमियों की प्रेम कथा।
भले ही अंधकार बहुत है,
उजाले की चाह घनेरी है।
जो चाह पर लिखी मैंने,
यह कविता मेरी है न तेरी है।
तू सूरज को चमकने दे,
फूलों को भी महकने दे।
मेरे भाव समझ चाव से,
थोड़ा सुधा भी बरसने दे।
प्रस्फुटित हुए हृदय में भाव,
नहीं कलम किसी की चेरी है।
अंगीकार कर उर से तू भी,
यह कविता न मेरी है न तेरी है।
समय से भी समय माँग,
मुसीबतों के पहाड़ लाँघ।
समुद्र से हिमालय तक,
दूरियाँ घटी मील-फर्लांग।
लिखता भोर की उम्मीद में,
अभी रात भले अंधेरी है।
सब पढ़ते रहो उम्मीद संग,
यह कविता न मेरी है न तेरी है।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
