जब रोज़ कई चित्कार सुनूँ मैं,
कैसे नयी सरकार चुनूँ मैं।
मन कहता है कूद समर में,
कलम नहीं तलवार चुनूँ मैं।

धनुष उठाऊँ तीर चलाऊँ,
नहिं नयनों से नीर बहाऊँ।
जिसने खण्डित किया देश को,
उसका कलेजा चीर के लाऊँ।

है सबसे प्यारा देश हमारा,
बात यही हर बार सुनूँ मैं।
दे मौका भगवान मुझे तो,
यहीं जन्म हर बार चुनूँ मैं।

जिन्दा आज सनातन सौरभ,
याद किया करता वह गौरव।
सूर्य-चन्द्र के वंशज हम हैं,
यहीं थे पाण्डव यहीं थे कौरव।

जब विश्व में कोई धरम नहीं था,
मानवता का मरम यहीं था।
सतयुग,त्रेता,द्वापर युग में,
ज्ञान-विज्ञान का चरम यहीं था।

इतिहास के पन्ने पलट के देखूँ,
दिल की यह दरकार सुनूँ मैं।
मन कहता है कूद समर में,
कलम नहीं तलवार चुनूँ मैं।

भूपेन्द्र डोंगरियाल