झूठ की मिश्री मिला सबको पिलाते जल,
चल रे साथी चल जरा तू देख ले ये छल।

कौन सच अब बोलते करते कौन नौटंकी,
छत पर भरी हैं कौन खाली देख ले टँकी।
ये मारते हक दूसरों का खुद चुराते जल,
चल रे साथी चल जरा तू देख ले ये छल।

ये आइना हाथों में लेकर सब को दिखाएंगे,
करके चोरी-सीनाजोरी खुद को जिताएँगे।
सच को दबाने के लिए खुद के बनाते दल,
चल रे साथी चल जरा तू देख ले ये छल।

झूठ दुनिया घूमकर सबको दिखाता जोश,
अपने हुनर की वाहवाही सच के गिनाता दोष।
अब सच के साथी मौन हैं झूठे सुझाते हल,
चल रे साथी चल जरा तू देख ले ये छल।

झूठ की मिश्री मिला सबको पिलाते जल,
चल रे साथी चल जरा तू देख ले ये छल।

भूपेन्द्र डोंगरियाल
03/05/2022