जो देख रहे थे रोज हमें,
अंगारों वाली नजरों से।
हम पूछ रहे हैं हाल उन्हीं का,
यारों वाली नजरों से।

वे हर पल करते याद मुझे,
भले याद करें अवगुण मेरे।
मैं भी उसको भूल न पाऊँ,
जिनसे हैं हर गुण मेरे।
वो कडुवे करते रिश्ते हरदम,
कटु बोलने वाले अधरों से।
हम पूछ रहे हैं हाल उन्हीं का,
यारों वाली नजरों से।

हमने गाए गीत ख़ुशी के,
झूमे उनकी खुशियों में।
उनकी मनसा नेक नहीं है,
जो खोज रहे हमें रसियों में।
वो ढूंढ रहे हैं आज हमें क्यों,
नफ़रत वाली नजरों से।
हम पूछ रहे हैं हाल उन्हीं का,
यारों वाली नजरों से।

थोड़ी सी नफ़रत पनपी तो,
देख शहर का क्या मंजर,
रिश्ते लहूलुहान हुए अब,
फिर मत ढूँढो कोई ख़ंजर।
पूछो तो क्या हवा का रुख है,
उनके मौज़ा शहरों से।
हम पूछ रहे हैं हाल उन्हीं का,
यारों वाली नजरों से।

भूपेन्द्र डोंगरियाल
04/09/18