एक था मेरा गाँव!
तब तक मेरा था,
जब तक शहर से दूर,
मैं था मजबूर।
चूल्हा था चौका था,
खेत थे खलिहान थे,
पशुओं की छान थे,
वहाँ कुछ मकान थे।
वहाँ जो लोग थे,
संगी थे साथी थे,
शादी में बराती थे।
सब थे कुटुंबजन,
धूप हो या छाँव ।
सुख हो या दुःख,
एक था मेरा गाँव।
तब तक मेरा था,
जब तक शहर से दूर,
मैं था मजबूर।
शहर की शह थी,
नाम व काम था।
काम की तलाश में,
चारों ओर जाम था।
पर हाथ में मुकाम था।
मैं भी उठ चला,
धूल को झाड़कर,
उन रिश्तों को ताड़कर,
रोता हूँ गला फाड़कर।
जिंदगी की दौड़ में,
ना मिली कहीं छाँव।
वो पेड़ जहाँ रह गए,
एक था मेरा गाँव!
तब तक मेरा था,
जब तक शहर से दूर,
मैं था मजबूर।
गाँव के परिधान वो
जब सूट में बदल गए।
रिश्तों के वट वृक्ष,
अब ठूँठ में बदल गए।
बिक गए वो खेत अब,
जो खेल के मैदान थे।
बदल गए मंदिरों में,
जो देवता के थान थे।
विकास गाँव का हुआ,
खानाबदोश जब हुए।
हुए खण्डहर मकान हैं,
पर हिस्सेदार सब हुए।
बोल तो अंगद से हैं,
पर उखड़ गए पाँव।
बस याद इतना है मुझे,
एक था मेरा गाँव।
तब तक मेरा था,
जब तक शहर से दूर,
मैं था मजबूर।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
