गृहस्थ में रहकर भी,
गृहस्थी को कोसता हूँ।
परों के बिना भी,
उड़ने की सोचता हूँ।
नींद के बिना भी,
सपने देख लेता हूँ।
आग के बिना ही,
हाथ सेंक लेता हूँ।
दोस्तों के बगैर भी,
महफ़िल सजा लेता हूँ।
धुनों के बिना ही,
साज बजा देता हूँ।
बस्तियों के बीच में ही,
धूणी रमा देता हूँ।
सच के लिए मुफ़्त में भी,
बुराई कमा लेता हूँ।
कवि न होकर भी,
कविता सुना देता हूँ।
रॉयल्टी लिए बिना ही,
शब्दों को भुना लेता हूँ।
बिना राय मांगे ही,
सलाहकार बन जाता हूँ।
काम दूसरों का करके,
रोटी घर की खाता हूँ।
पैरों को हिलाए बिन,
कोसों सैर करता हूँ।
नादान हूँ तभी तो,
सत्ता से बैर करता हूँ।
इतना सब करके भी,
चैन की नींद सोता हूँ।
मरुस्थलों में ख़ुशी-ख़ुशी,
सच के बीज बोता हूँ।
जो सुनता और देखता हूँ,
उसे ही सत्य मानता हूँ।
अफ़सोस बस इतना है,
छलियों को पहचानता हूँ।
भूपेन्द्र डोंगरियाल
20/05/17
