मैं कुछ बेहतर ढूंढ रहा हूं
घर है, मगर.. ढूंढ रहा हूं

चाबी लिए फिरता हूं, 
नक्शे बनाता चलता हूं,
बड़ी खिड़कियां गढ़ता हूं,
हवा, बांधे हुए बढ़ता हूं,

महंगी कहानियों में क्यों रुकूं, 
मैं थोड़े ही किराया ढूंढ रहा हूं?
किसी से बातें हों तो सिफ़र सी हों,
मैं, शायद, बस ऐसी जगह ढूंढ रहा हूं ।

सफ़र बढ़ता है यार, ठीक है, मैं भी बढ़ रहा हूं,
शहर का सन्नाटा गिरता है, पर मैं तो चढ़ रहा हूं,
घर मिले, तो शोर हो, मैं हंगामा लिए चल रहा हूं,
ख़ास मिले, तो घर हो, वरना मैं सामान तो
सारा ही लिए चल रहा हूं ।

कुछ ऐसा ढूंढ रहा हूं 
कि मिलने का मज़ा तो पूरा हो,
वो अब दिखे तो दूर ही दिखे
कि भाग कर लिपटने का सुरूर तो पूरा हो ।

कुछ सोच कर मैं निकला, तो वो भी तो निकला होगा,
जो निकला ही नही, मैं उसे थोड़ी ढूंढ रहा हूं,
मुझे हरगिज़ जल्दी नही, ज़माना अपने दस्तूर से चले,
वो मुझे ढूंढ लेगा ज़रूर, क्योंकि मैं उसे ढूंढ रहा हूं ।