वो किताब पढ़ रही थी
स्टेशन की बेंच पर बैठे देखा मैंने उसे
आस पास बिखरती भीड़ सफ़र पे जाने को बेताब
और ये, ये सफ़र हाथों में लिए बैठी थी
गुज़रते इंजन की आवाज़ शायद उसने ना सुनी
मगर वो ट्रेन उसे लिए बिना जाना नही चाहती थी
आखिर जब उसने किताब पैरों पर रखी
तो सरकती खिड़कियों में झांकने लगी
पटरियों पर चले तो सब एक ही जगह पहुंचेंगे
उतरेंगे यहां वहां, कल यहीं लौटेंगे
शायद यही सोच रही थी वो भी
उसने फिर किताब उठा ली
मैं टिकट लेने की कतार में उसका इंतज़ार पढ़ रहा था
तभी सामने की खिड़की से आवाज़ आई
कहां जाओगे भाई?
जाना तो बनारस था, पर बनारस बैठा इसी स्टेशन पर था
कहां जाऊं मैं गर मुझे आना यहीं था?
कहते हैं बनारस जाओ, जीने का काट वहीं है
पर मैं यहीं बैठ जाता हूं, अस्सी घाट यहीं है
तंग गलियों की चहचहाहट, पटरियों पर हिचकोले
तुलसी वाली चाय और काशी की ठंडक
सब तो था यहीं
सो मैं बिना टिकट लिए पास की बेंच पर बैठ गया
और इंतज़ार करने लगा उसके पन्ने पलटने का
अब बनारस में भी तो शाम को हवा पलट ही जाती है।
