हमेशा सर झुकायें उन जवानों के लिए जो अपना परिवार देश के सभी परिवारों की रक्षा के लिए छोड़ देते हैं जिनकी वज़ह से हम निश्चिंतता से परिवार के लोगों का जन्म दिन मनाते हैं जिनकी वज़ह से हम निश्चिन्त होकर परिवार के साथ छुट्टियों का आनंद उठा सकते हैं इसी के साथ साथ सबसे बड़ी बात जिनकी वज़ह से दुनियाँ में हमारे देश का और हमारा सर गर्व से ऊँचा है --------------------------------- हमेशा सर झुकायें उस बाप के सामने जिसने अपने बुढ़ापे के एकमात्र सहारे को देश की रक्षा के लिए दांव पर लगा दिया ---------------------------- हमेशा सर झुकायें उस माँ के लिए जिसने बेटे के माथे पर टीका लगाकर विदा कर दिया यह कहकर कि अपनी जान की कीमत पर भी अपनी भारत माँ की अस्मत का सौदा मत मंजूर करना मुझे वापस तेरा मुंह देखने को चाहे न भी मिले कोई दुःख नहीं पर दुश्मन को किसी भी कीमत पर तेरी पीठ देखने को न मिले --------------------- हमेशा सर झुकायें उस पत्नी के लिए जो देश के सारे सुहागों की सलामती के लिए अपना सुहाग देश की सीमा के हवाले कर देती है इस सोच के साथ कि मेरा पति केवल मेरा पति ही नहीं है अपनी जन्म भूमि और देश के करोङों माँ बापों का बेटा भी है देश की करोड़ों बहनों का भाई भी है ,देश और इस देश के नागरिकों का मुहाफ़िज़ भी है और न जाने कितने मौकों पर अपने आंसू इसलिए पी जाती है कि बच्चों और माँ बाप के आंसू न छलक जाएँ --------------------------- हमेशा सर झुकायें उन बहनों के लिए जो रक्षा का सूत्र बांधकर अपने भाई को देश की सारी बहनों की रक्षा का भार सौंपकर भीगी आँख की कोरों में भी मुस्कराहट को खोने नहीं देतीं -------------------------- हमेशा सर झुकायें उन बेटों के लिए जो मम्मी पापा बोलने से पहले जयहिन्द और भारत माता की जय बोलना सीख जाते हैं जिनके नन्हे हाथ पूजा के लिए अर्घ्य देने से पहले सेल्यूट देना सीख लेते हैं जो कच्ची उम्र में ही यह जान लेते हैं कि वो उस बहादुर पिता की संतान हैं जिसके कारण दुश्मन उनके देश से भय खाता है वह उस गौरवशाली पिता की संतान हैं जिन्हें देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी सलामी देते हैं ------------------------- हमेशा सर झुकायें उन लाखों किसानों के लिए जिनके पसीने की बूँदें देश की भूख की दुश्मन बन जातीं हैं जो दुनिया का सबसे बड़ा जुआरी बनकर अपनी सारी पूँजी खुले आस्मां के नीचे केवल ईश्वर के नाम पर दांव पर लगा देता है केवल इसलिए कि दुनिया उसके देश को भूखों का देश कहकर अपमानित न कर सके जो नेताओं ,अफसरों ,व्यापारियों और दलालों से बेशर्मी से बार बार छले जाने के बावजूद देश और समाज को छलने का पाप नहीं करना चाहता भले देश ,राजनीति ,समाज उसकी भूख उसकी मौत की भी परवाह न करे पर वह हमेशा परवाह करता है कि उसके जीवित रहते देश में किसी की भी मौत भूख से न हो