धंधे और व्यापार हो रहे ,राजनीति में अब तो
सौ के कई हजार हो रहे,राजनीति में अब तो
जनता के ही बीच के प्रतिनिधि होते थे पहले तो
पेश कई अवतार हो रहे,राजनीति में अब तो
राज बदल लो चेहरे बदलो बदले मगर न किस्मत
 अलीबाबा के यार हो रहे,राजनीति में अब तो
पर उपदेश कुशल बहुतेरे ब्रह्म सूत्र सत्ता का
उपदेशक भरमार हो रहे,राजनीति में अब तो
पढ़ लिखकर क्या होना,रोना और उदर भर लेना
मंत्री कई गंवार हो रहे,राजनीति में अब तो
राजनीति के रा का भी कुछ पता नहीं है जिनको
सब वो भी स्वीकार हो रहे,राजनीति में अब तो
सेहत और हालत से जनता भोगे चाहे दुर्दिन
ऐश वहां भरमार हो रहे,राजनीति में अब तो
पुश्तों के भविष्य आरक्षित दस परसेंट कमीशन
सब अवसर भरमार हो रहे,राजनीति में अब तो
लुच्चे, गुंडे, चोर, मवाली, छुटभैये, व्यापारी
हम तुम सब बेकार हो रहे,राजनीति में अब तो
वही परीक्षा देने वाला वही परीक्षक बनता
प्रश्न सभी बेकार हो रहे,राजनीति में अब तो
देश पटे लाशों से चाहे, पर सत्ता मिल जाए
लाशों के व्यापार हो रहे,राजनीति में अब तो
सत्ता की खातिर माँ को भी गाली से ना हिचकें
गद्दी को गद्दार हो रहे,राजनीति में अब तो