हालाँकि तुझ से हसीं कोई नज़ारा नहीं
शर्तों पे इतनी मगर हमको गवारा नहीं
चेहरे की मानिंद तेरा दिल भी जाता निखर
तूने मगर वो सलीके से सँवारा नहीं
तुम को कभी लौटकर आना नहीं था मगर
ये मत कहो हमने ही तुम को पुकारा नहीं
सागर में तूफान की पूरी है संभावना
साहिल पे लेकिन कोई भी तो इशारा नही
पूरे शहर को खबर है तेरे आ जाने की
एक हमको ही तो मगर कोई इशारा नहीं
है जिंदगी उस सफ़ीना की तरह अब जिसे
दरिया मयस्सर तो है लेकिन किनारा नहीं
बर्बाद कर बैठे हैं खुद को तेरे इश्क में
इससे ज़ियादा भी अब कोई ख़सारा नहीं !