मैंने देखा है
तुम्हारी सागर जैसी
विशाल आंखों में
अपने प्रति प्रेम...
वही प्रेम जो मुझे
बार-बार तुम्हारी तरफ
अनवरत खिंचता जा रहा है
जिसकी लघु तरंगें मेरे हृदय में
बजते हुए सितार की तरह
स्पंदित हो रही हैं,
जब तुम अपनी आंखों से
अमृत रूपी अश्रुओं को मेरे लिए
बिना किसी वजह के बहाती हो
तो मेरा हृदय उसे महसूस कर लेता है
और मेरे नेत्र भी विह्वलता से
अश्रु बहाने लगते हैं,
मैं क्या करूं?
जब से तुम्हारी आंखों में
मैंने अपने प्रति प्रेम देखा है
मेरी आंखें बेचैन सी रहती हैं
तुम्हें देखने के लिए
अब मेरी आंखों की पुतलियों में
तुम्हारे ही चित्र दिखाई देते हैं
जिनको देखकर कोई भी
तुम्हें पहचान सकता है
कोई भी तुम्हारे सौन्दर्य का
वर्णन कर सकता है,
वास्तव में तुम बहुत सुन्दर हो
तुम्हारा हृदय तो और भी
सुंदर,कोमल और निर्मल है
एकदम आंखों के अश्रुओं
की तरह,
जो किसी को भी तुम्हारे प्रति
प्रेम में पागल बना सकता है...
~दिलीप सिंह यादव

