रावण का राज़ यहाँ पर भैया,
राम कहाँ मिलते हैं?
हर हाथ छल कपट का बसेरा,
राम कहाँ मिलते हैं?
रावण इक ढूँढो, हज़ार मिलते हैं,
रात तो क्या,दिन दहाड़े मिलते हैं।
कोने कांटे नहीं, सरे राह मिलते हैं,
राम तो बस मंदिरों में मिलते हैं!
ये क्रोधी, वो मोह के रेले हैं,
भ्रष्टाचार ने कितने घर ठेले हैं।
अहंकार के दंभ ने सबको छला है,
राजनीति के रावणों ने सबको खेला है!
सच बोलो तो दुश्मन मिलते हैं,
राम कहाँ मिलते हैं?
मंचों पर आदर्शों के मेले,
भीतर स्वार्थ के खेल अकेले।
धर्म की बातें, कर्म में झमेला,
हर चेहरे पर मुखौटा अलबेला।
उपदेशों के ढेर मिलते हैं,
राम कहाँ मिलते हैं?
राजनीति में वादे भारी,
जनता की जेबें पड़तीं खाली।
कुर्सी के आगे रिश्ते हारे,
सत्ता के सब खेल निराले।
रावण नए-नए रूप में मिलते हैं,
राम कहाँ मिलते हैं?
पुतले तो हर साल जलते हैं,
राम फिर भी क्यों नहीं मिलते हैं?
भैया, इतना तो बतला दो—
राम आखिर कहाँ मिलते हैं?
