कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।

कर लो थोड़ा विश्राम शाम अब होने वाली है ।


ना जाने कहाँ से कब निकले , किस ओर तुम्हें है जाना ।

लक्ष्मी सा रूप लिए फिरती सीता पर तरस तो खाना ।

जंगल में जीव तमाम शाम अब होने वाली है ।

कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।


क्यों पहने जोगिया बाना ऐसा कौन सा यहाँ खजाना ।

छोड़ मात पिता को आए क्यों जरा हमको भी बतलाना ।

संग में लक्ष्मण अभिराम शाम अब होने वाली है ।

कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।


क्या कटु किसी ने बोला राजा दशरथ ने मुँह खोला ।

ना भरत ने तुमको रोका माता का दामन ना डोला ।

सब खड़े रहे सरेआम शाम अब होने वाली है ।

कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।


जिसका होना था राजतिलक वो जंगल में क्यों आया ।

यह विधि का लेखा था या तुमने ही कोई स्वांग रचाया ।

लगता होगा अब संग्राम शाम अब होने वाली है ।

कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।


कर लो थोड़ा विश्राम शाम अब होने वाली है ।

कुछ समय बिता लो राम शाम अब होने वाली है ।


✍ धीरेन्द्र पांचाल