मार्केट में बंदा मिला।बड़ी गर्मजोशी से हाथ मिलाया। काफी देर तक मेरा हाथ पकड़े रहा।
" बच्चे कैसे हैं, भाभी जी का क्या हाल है ?" उसने यूँ पूछा मानो बरसों से मुझे जानता हो।
" बहुत बढ़िया", मैंने हाथ उसके हाथ से खींचते हुए कहा।
दिमाग पर बहुत जोर डालने पर भी याद नहीं आ रहा था कि बंदा कौन है, पहले कहाँ मिला था मुझे।
लेकिन जिस आत्मीयता से वह मेरा और मेरे परिवार का हाल पूछ रहा था,मुझे लगा मुझे भी उसका हाल चाल पूछना चाहिए। शायद बातचीत में कुछ याद ही आ जाये या कोई क्लू ही मिल जाये बंदे के बारे में ! मैंने गला खंखारते हुए बात चीत शुरू की।
"आप सुनाओ, आपके क्या हाल हैं ?"
"बस वही ढाक के तीन पात," बंदा लापरवाही से बोला।
" कहाँ हो आजकल ? "
यहीं, और कहाँ जाना है ... बंदा मुस्कुराया।
" मेरा मतलब है ...डिपार्टमेंट ??" मैंने खिसियाते हुए पूछा
" वही--- सेम डिपार्टमेंट... नो चेंज... बंदे ने आत्मविश्वास से यूँ उत्तर दिया जैसे मैं उसका सारा इतिहास भूगोल जानता हूँ।
मेरा दिमाग घूमने लगा।कौन है ये बंदा ? कैसे जानता है मुझे।
कब मिला मुझे? कहाँ मिला ? मेरा दिल, दिमाग से पूछ रहा था।
"अच्छा भाई, चलता हूँ।ज़रा जल्दी में हूँ।" बंदे ने लाखों की मुस्कुराहट मेरी तरफ फैंकी।
मैंने भी नकली मुस्कान होठों पर चिपकाने की कोशिश की।
"मिलो कभी " बन्दे ने विदा लेते हुए मेरा हाथ पकड़ कर कहा।
" कहाँ ? " मैंने हैरानी से पूछा
"वहीं भाई..." बन्दे ने रहस्यमयी अंदाज़ मेभौहें नचाते हुए ज़वाब दिया।
ओके बाय बाय.. बंदा तेज़ी से कदम बढ़ाता आगे बढ़ गया।
और मैं नयी पहेली सुलझाने में उलझ गया कि ये " वहीं " कहाँ हो सकता है।और ये भौहें क्यों नचा रहा था ? भला कौन था ये बन्दा ?
** धीरजा शर्मा ***
