नलिनी सुबह से फिरकी की तरह घूम रही थी।कपड़े ,सफाई, बर्तन, नाश्ता निपटाते निपटाते 11 बज गए हैं।
" धानी को भी आज ही छुट्टी लेनी थी ! मेरे पास चेकिंग के लिए पूरा बंडल पड़ा है। अभी परसों ही पेपर हुआ है। पता नही मेरा ही पेपर डेट शीट में क्यों लास्ट में आता है। कब पेपर चेक होंगे, कब लिस्ट अपलोड होगी , रिपोर्ट कार्ड भी पूरे करने हैं।प्रिंसिपल को भी कल ही पी टी एम रखनी थी !हे भगवान ! कैसे होगा सब ! ऊपर से ये सर्वाइकल ! "कंधे दबाते दबाते नलिनी खुद से बड़बड़ाये जा रही थी।
पेपर का बंडल उठाया और बैठ गयी लेकर डाइनिंग की टेबल चेयर पर। उसका 13 वर्षीय बेटा यश अपनी प्रोजेक्ट फ़ाइल पूरी करने में व्यस्त था।पूरे डाइनिंग टेबल पर उसका सामान बिखरा था।माँ को बैठते हुए देख वह अपना सामान समेटने लगा।
" तुम अपना काम करो यश।तुम्हे कल प्रोजेक्ट सबमिट करवाना है। मैं मैनेज कर लूंगी।", नलिनी ने एक कोने में बैठते हुए कहा।
यश फिर अपने काम मे व्यस्त हो गया। नलिनी के पति सुनील पिछले एक घंटे से टी वी पर खबरें देखने मे डूबे थे।
" ये टी वी वाले एक ही खबर को बार बार दिखाते रहते हैं।पूरा पोस्टमार्टम करके छोड़ते हैं", नलिनी कुढ़ कर मुँह में बुदबुदा रही थी।
"नलिनी ,एक ग्लास पानी देना" सुनील बोले।
नलिनी तेजी से पेपर पर हाथ चलाने लगी।ये एक पेपर पूरा चेक कर ले फिर उठे!
"नलिनी, पानी मांगा है मैंने", इस बार सुनील की आवाज़ में ज़रा तल्ख़ी थी।
यश ने भाग कर पापा के हाथ में पानी का गिलास थमा दिया।
यश का यूँ पढ़ाई के बीच से उठना सुनील को शायद नागवार गुजरा था।
" तुम क्यों उठे यश ? तुम तो काम कर रहे हो ।"
" मम्मा भी काम कर रही हैं पापा।" यश ने गंभीरता से जवाब दिया।
इतनी देर से घुट रही नलिनी को जैसे ठंडी हवा का झोंका सा आता महसूस हुआ।
*** धीरजा शर्मा***
