पिता तुम पहाड़

पिता-तुम पहाड़

घर पर आई हर मुसीबत

जिस से टकरा कर

लौट जाती है।

वक्त के आंधी तूफान

जिस पर निशान तो

डाल देते हैं

पर डिगा नहीं पाते।

पिता-तुम मज़बूत वृक्ष

जिससे लिपट हम लताएँ

बेख़ौफ़ फलती फूलती रहीं

तुम धूप बारिश झेलते रहे

मैं महफूज़ आगे बढ़ती रही।

पिता-तुम कुम्हार

जो बाहर से चोट कर

हमारे एक एक दोष निकालते रहे

और भीतर से सहारा दे

हमारा व्यक्तित्व निखरते रहे।

पिता-तुम जादुई चिराग

जो हर समस्या का समाधान

चुटकी में कर देता है

जिससे जो मांगो

पल में हाज़िर कर देता है।

पिता- तुम साक्षात ईश्वर

मेरे जीवन -दाता, पालक -पोषक

जिसे मैं देख ,छू सकती हूँ

जो मेरी अनन्त शक्ति,आस्था

और प्रेरणा का अनन्त स्रोत है....

****धीरजा शर्मा****....