रात्रि के निविड अंधकार में
खिल उठती है रातरानी
पूरी शिद्दत के साथ महकती हुई।

उसे फर्क नहीं पड़ता वो कहाँ है..
बीहड़ की नीरवता में,या सजे उपवन में,
उसे तो बस महकना है
अपने स्वभाव के अनुरूप ।।

जब चटकती है कली उसकी,
और मंद पवन के रथ पर सवार उसकी मादक गंध,
जब उतरती है भीतर,
तो मन की मुरझाई कलियां भी महकने लगती हैं मानो ।।

मुस्कुराती रातरानी कह रही है हमसे
अंधेरों से क्या डरना भला !
पीछे - पीछे सूरज लेकर उजाला चला ।
अंधेरों में भी पोषित कर जीवन के बीज को
मुस्करा मेरी तरह,सृजन की तूलिका चला।
21.1.25