कविता : मिलन

मेघाच्छादित गगन,
प्यासी धरती आतुर,
शीतल बूंदें हृदयंगम करने को ।

एक निस्तब्धता,एक मौन सा उतर आया है,
शायद मिलन से पहले का संकोच है,
या फिर शिकायत -
"इतने दिन बिन बरसे लौट गए,
तन - मन झुलस गए तब आए हो,
जीवन डोर जब टूटने लगी,
तब अमृत कलश लाए हो ! "

प्रत्युत्तर में एक गंभीर मेघ गर्जन मात्र ,
कुछ पल और फिर बांध टूट जाएगा,
मिलन होगा,बरसेंगे मोती,
धरती का रूप फिर से निखर आएगा ।
    
       धर्मेंद्र ' धरम '