कविता: 

मानव तू न निराश हो
निराशा न कोई राह दिखलाएगी
तू संघर्ष की राह पर बढ़ता ही चल
मंज़िल भी एक दिन आएगी ।

माना यह रात बहुत है भारी
लेकिन ज्योति कब तम से हारी
तू साथ न छोड़ना उम्मीदों का
साथ छोड़ दे दुनिया सारी
जो तेरा हौसला तेरे साथ हो
सारी दुनिया झुक जाएगी
तू संघर्ष की राह पर बढ़ता ही चल
मंज़िल भी एक दिन आएगी ।

धन, दौलत शोहरत की खातिर
ना खुद को झुलसाना तू
जो अंतर्तम की प्यास बुझा दे
उस सागर तक जाना तू
तेरे मन की जोत से एक दिन 
दुनिया रोशन हो जाएगी
तू संघर्ष की राह पर बढ़ता ही चल
मंजिल भी एक दिन आएगी ।
मानव...