कविता : दर्द के हिमालय !

करोड़ों वर्ष पूर्व
हिमालय पैबस्त था सागर हृदय में
या यूं कहें -
छिपा रखा था सागर ने अंतर्मन में
मगर कब तक छिपाता भला
हिमालय निरंतर उठता चला
विवश हो सागर पीछे हटा
विश्व ने देखी हिमालय की छटा
उन्नत हिमालय,अविचल हिमालय 
दुष्कर,दुरूह, रहस्यमय हिमालय।

मानव मन की अतल गहराइयों में
छिपे रहते हैं जाने कितने हिमालय
मन का सागर आंखों से रिसता हुआ
क्रमशः रिक्त हो जाता है और
मन का हिमालय उभर आता है।
कोई सागर उसे छिपाने में समर्थ नहीं
प्रयास करे तो भी कोई अर्थ नहीं।
वो उठ चुका होता है हर सीमा से परे
दुरूह,दुर्गम, अगम्य मौन धरे ।
नियति कुशल हाथों से 
बुनती है उसका ताना - बाना
और छुपा देती है
अदृश्य रेखाओं में मानव जीवन की
जो देखता बेबस उसके खेल को
न कभी समझा , न कभी जाना ।
'पर्वतराज ' हिमालय तो लुभाता है मगर
मानव मन की अंधेरी खोहों तले
क्रमशः पनपता हिमालय
जब - जब बाहर आता है
साथ कुछ और नहीं बस
दर्द का लावा लाता है
दर्द का लावा लाता है ।।

  धर्मेंद्र 30.7.23