कविता :चांद और मैं 

शिशिर की रात्रि का अंतिम प्रहर,
हाथ में चाय का प्याला लिए मैं ,
खड़ा था खिड़की के पास ।

छाई थी निस्तब्धता, निविड अंधकार,
विदा पूर्व जैसे निशा हो गई हो
खामोश,निर्विकार ।
संपूर्ण प्रकृति मानो 
मौन साधना में लीन,
कोंपल,कुसुम, तृण,स्पंदनहीन ।

फलक पर था पूरा चांद,
अपने सौंदर्य के चरम पर,
कितनी ही रातों को निशब्द,
एक दूजे को हमने निहारा है ।
मेरा हमसफर,मेरा राज़दार ।
कभी थकान से क्लांत पीत वर्ण,
कभी दूधिया मुस्कराहट बिखेरता हुआ,
कभी  योगी सा स्थिर,
कभी बादलों से अठखेलियां करता हुआ ।
अनवरत कहता हुआ -
चरैवेति..चरैवेति !
चलते रहो..चलते रहो !

कुछ देर में भोर लेगी करवट
और दिन का कोलाहल मिटा देगा
रात्रि का अंतिम निशां।
आसमान के किसी कोने में
चांद सो जाएगा अपनी कुटिया में ,
मैं भी कुछ देर बाद,
खो जाऊंगा जीवन के कोलाहल में,
हर दिन की तरह खुद से कहता हुआ -
चरैवेति..चरैवेति !
चलते रहो..चलते रहो !

धर्मेंद्र/३.९.२३
सर्वाधिकार सुरक्षित ।