खिड़कियां खोल दो मन की....


खिड़कियां खोल दो मन की,
उजालों भरी धूप आने दो,
अंधेरे छंट जाने दो।।

धूप आएगी, धुंध छंट जाएगी
सर्द पड़ी सांसे गर्माएंगी
नसें कुलबुलाएंगी बस
खिड़कियां खोल दो मन की...

छंटेगी रिश्तों में पड़ी गर्द भी
पिघल जाएगा आंसू बन
सीने में छिपा दर्द भी बस
खिड़कियां खोल दो मन की....

शिकवे दूर होंगे कह सुन के
सुलझेंगे पास बैठ उलझे धागे मन के
स्पर्श से थरथराएंगी सांसें बस
खिड़कियां खोल दो मन की
उजालों भरी धूप आने दो
अंधेरे छंट जाने दो ।।