ग़ज़ल: क्यों होता है?

बनकर तेरा तुझसे ही वो आंख चुराए,क्यों होता है,
आंखें नम और लब मुस्काए, क्यों होता है?

तनहा और कातर मन जब तुम्हें पुकारे,
तनहाई कुछ और बढ़ जाए,क्यों होता है?

हर चेहरे के पीछे एक चेहरा अनजाना,
अजनबियों की भीड़ बढ़ाए, क्यों होता है?

जन्मों का साथ निभाने की जो कसमें खाएं,
चार क़दम वो साथ न आएं,क्यों होता है?

नारी ने जन्मा नर को लेकिन वो,
उसके ही हाथों लुट जाए, क्यों होता है?

मां का दूध एक बड़ी नियामत लेकिन अब वो
सुंदरता की बलि चढ़ जाए, क्यों होता है?

कभी - कभी हाथ मिलाकर और मुसकाकर भी,
मन में कोई खलिश रह जाए,क्यों होता है?

प्यासी धरती हाथ पसारे पानी मांगे,
बादल बिन बरसे उड़ जाए क्यों होता है?

बूढ़ी आंखें राह देख - देख पथराएं,
बेटा लौट के घर ना आए क्यों होता है?

उंगली थाम के जिसकी वो चलना सीखा था,
उसको दुनियादारी सिखलाए, क्यों होता है?

अभिलाषाएं जितनी पूरी हों इंसानों की,
तृष्णा उतनी बढ़ती जाए, क्यों होता है?

एक ही मिट्टी से तो हर इंसान बना है,
बात ये इतनी समझ न आए, क्यों होता है?

बिना बात के जब हंस पड़ते थे 'धरम '
वक्त ना अब वो लौट के आए, क्यों होता है?