ठीक तुम्हारे पीछे मैंने देखा 

तुम खड़ी हो

कोई और नहीं देख पाया जो मैंने देखा 


मैं किसी से कहता नहीं 

पर जानता हूँ 

ठीक तुम्हारे पीछे की परछाईं को 


सच कहूँ तो मैं तुम्हें 

प्यार नहीं करता 

वो जो ठीक तुम्हारे पीछे खड़ी है

वो कभी कभी तुमसी लगती है 

मैं तुम्हें प्यार कर बैठता हूँ 

ठीक तुम्हारे पीछे 


एक दिन जब मैं ठीक तुम्हारे पीछे चल रहा था 

याद है तुम नाराज़ हुई थीं 

तुम्हे लगा कि मैं तुम्हारा पीछा कर रहा हूँ 

दरअसल, मैं उसके साथ था 

जो ठीक तुम्हारे पीछे थी 


आगे चल चलकर ऊब गया हूँ 

इसलिए अक़्सर कहता हूँ- चलो

मैं चलूँगा 

ठीक तुम्हारे पीछे 


और तुम जान भी न पाओगी 

ठीक तुम्हारे पीछे चलकर 

मैं तुम्हारे साथ चलूँगा 

....ठीक तुम्हारे पीछे